लगता है कि इस समय खिलाड़ियों के पिता बनने का दौर आ गया है। पिछले दिनों भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज क्रिकेटर गौतम गंभीर और यूसुफ पठान पिता बने थे।
दोनों क्रिकेटर पिछले हफ्ते आईपीएल 7 में कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेलने के लिए यूएई में थे। सबसे पहले पठान के एक बेटे के पिता बनने की खबर आई। इसके बाद आउट ऑफ फॉर्म गंभीर के जीवन में भी खुशियां आई और एक बेटी के पिता बने।
अब एक और बड़ा खिलाड़ी भी पिता बना है वह भी दूसरी बार जुड़वां बच्चों का।
जीवन में फिर से आई दोहरी खुशियां
दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को एक साथ दोहरी खुशी नसीब हुई है और वह एक बार फिर दो जुड़वां बच्चों के पिता बन गए हैं।
इससे पहले फेडरर की दो जुड़वां बेटियां है और अब उन्हें दो जुड़वां बेटे हुए हैं।
फेडरर ने पहले ही अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए स्पेन में चल रहे मैड्रिड ओपन से अपना नाम वापिस ले लिया था। दिलचस्प यह है कि फेडरर की बड़ी बहन डायना भी जुड़वां बच्चों की मां हैं।
2009 में भी जुड़वां बेटियों के बने थे पिता
रोजर फेडरर ने मंगलवार को ट्विटर पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उनकी पत्नी मिर्का वेवरेनिक ने दो जुड़वा बेटों को जन्म दिया है।
वर्ल्ड रिकॉर्ड 17 बार के ग्रैंड स्लैम चैपियन ने कहा, "मिर्का और मैं आपको यह बताते हुए बेहद खुशी महसूस कर रहे हैं कि लियो और लेनी का जन्म हुआ है।"
वर्तमान में विश्व के चौथे नंबर के खिलाड़ी फेडरर की दो जुड़वा बेटियों माइला रोज और चार्लेने रिवा का जन्म जुलाई 2009 में हुआ था।
सोशल नेटवर्किंग साइट पर है खूब चर्चा
32 साल के इस दिगगज टेनिस खिलाड़ी ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह अगले सप्ताह रोम मास्टर्स में खेलेंगे या नहीं।
लेकिन रोजर फेडरर के एजेंट टोनी गोडसिक ने इसकी पुष्टि की है कि फेडरर 25 मई से शुरू होने जा रहे फ्रेंच ओपन का हिस्सा बनना चाहते हैं।
फेडरर के दोनों जुड़वां बेटियों के जन्म के बाद लेकर चर्चा थी कि क्या भविष्य में ये विंबलडन डबल्स जीतने में सफल रहेंगी या नहीं लेकिन अब दो और जुड़वा बेटों के बाद सोशल नेटवर्किंग साइट पर फेडरर के बच्चों के मिक्स्ड डबल्स में हिस्सा लेने तक की चर्चा अभी से जोर पकड़ने लगी है।