पूर्व स्पेनिश टेनिस स्टार और 2019 विंबलडन सेमीफाइनलिस्ट रॉबर्टो बतिस्ता अगुट ने फुटबॉल में अपने नए सफर की शानदार शुरुआत की है। टेनिस से संन्यास लेने के करीब एक महीने बाद फुटबॉल मैदान पर उतरे 38 वर्षीय बतिस्ता अगुट ने अपने डेब्यू मैच में दो गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बतिस्ता अगुट ने स्पेन की सातवें स्तर की फुटबॉल टीम सीडी एल्स इबारसोस के लिए पदार्पण किया। उनकी टीम ने मुकाबले में 4-2 से जीत दर्ज की। क्लब ने उनसे पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रहने की उम्मीद जताई है।
टेनिस के बाद फुटबॉल की ओर रुख
बतिस्ता अगुट ने करीब एक महीने पहले पेशेवर टेनिस को अलविदा कहा था। इसके बाद उन्होंने फुटबॉल का रुख किया और सीडी एल्स इबारसोस के साथ करार किया। हालांकि, फुटबॉल उनके लिए बिल्कुल नया खेल नहीं है। टेनिस को करियर के रूप में चुनने से पहले वह स्पेन के मशहूर क्लब विलारियल की यूथ टीम के लिए फुटबॉल खेल चुके हैं।
टेनिस में दिग्गजों को दी थी मात
- रॉबर्टो बतिस्ता अगुट ने अपने टेनिस करियर में 12 सिंगल्स खिताब जीते। वह 2019 में विंबलडन के सेमीफाइनल तक पहुंचे थे, जबकि उसी साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई थी।
- 2019 में ही उन्होंने करियर की सर्वोच्च एटीपी रैंकिंग नंबर-9 हासिल की और स्पेन के साथ डेविस कप भी जीता।
- अपने करियर के दौरान उन्होंने नोवाक जोकोविच, डेनिल मेदवेदेव, अलेक्जेंडर ज्वेरेव और मारिन सिलिच जैसे शीर्ष खिलाड़ियों को हराया। मेदवेदेव के खिलाफ उनका रिकॉर्ड खास तौर पर प्रभावशाली रहा, जहां उन्होंने 7 मुकाबलों में 5 जीत दर्ज की।
शरीर ने दिया संन्यास का संकेत
टेनिस से संन्यास लेने के फैसले पर बतिस्ता अगुट ने कहा था कि एक समय ऐसा आता है जब शरीर और दिमाग दोनों खेल से दूरी बनाने का संकेत देते हैं। उन्होंने माना था कि वह पहले जैसी शारीरिक स्थिति में नहीं हैं और एक सप्ताह में चार या पांच मैच खेलने में सक्षम नहीं हैं। अब उन्होंने फुटबॉल में नई चुनौती स्वीकार की है और अपने पहले ही मुकाबले में दो गोल करके दिखा दिया कि खेल के मैदान पर उनका जुनून अभी भी बरकरार है।
क्लब ने सोशल मीडिया पर किया एलान
सीडी एल्स इबारसोस ने बतिस्ता अगुट को साइन करने की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की थी। क्लब ने अपने पोस्ट में लिखा था कि रॉबर्टो बतिस्ता अगुट अब आधिकारिक तौर पर सीडी एल्स इबारसोस के खिलाड़ी हैं।