तस्वीर में राजनाथ सिंह के साथ वेटलिफ्टर गुरुराजा पुजारी और विकास ठाकुर, लवप्रीत सिंह, ट्रिपल जंपर एल्डहॉस पॉल और अब्दुल्ला अबूबकर, पहलवान नवीन, दीपक पूनिया, 10 हजार रेस वॉक में कांस्य जीतने वाले संदीप कुमार समेत कई एथलीट्स नजर आए। इस मौके पर राजनाथ ने सभी एथलीट्स के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत 28 जुलाई को हुई थी। 11 दिनों में हजारों एथलीट्स के शानदार परफॉर्मेंस और कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार आठ अगस्त को इसका समापन हुआ। 2026 में यह खेल ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में खेले जाएंगे। समापन समारोह में भारत के अचंता शरत कमल और निकहत जरीन ध्वजवाहक रहे।
भारत बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य समेत कुल 61 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 67 स्वर्ण, 57 रजत और 54 कांस्य समेत कुल 178 पदकों के साथ पहले स्थान पर रहा। इंग्लैंड 57 स्वर्ण, 66 रजत और 53 कांस्य समेत 176 पदकों के साथ दूसरे और कनाडा 26 स्वर्ण, 32 रजत और 34 कांस्य समेत 92 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।