भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों अमेरिका का दौरे पर हैं और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने अमेरिका में रह रहे भारतीयों को संबोधित किया। न्यूयॉर्क के इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में पीएम ने ओलंपिक 2036 की मेजबानी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत इसके लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। इस दौरान उन्होंने हाल ही में समाप्त हुए पेरिस ओलंपिक का भी जिक्र किया।
पीएम का बयान
पीएम मोदी ने कहा- अभी कुछ दिन पहले पेरिस ओलंपिक खत्म हुआ है। अगले ओलंपिक का मेजबान अमेरिका है। बहुत जल्द आप भारत में भी ओलंपिक देखेंगे। हम 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
ओलंपिक की मेजबानी पर पीएम पहले भी कर चुके बात
इससे पहले पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से देश को संबोधित करते हुए ओलंपिक 2036 की मेजबानी पर बड़ी बात कही थी। उन्होंने कहा था कि भारत ने ओलंपिक 2036 की मेजबानी के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। पीएम ने जानकारी देते हुए बताया था कि भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने इस आयोजन को भारत में लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के भावी मेजबान आयोग (एफएचसी) के साथ बातचीत शुरू कर दी है।
पेरिस में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन
भारत ने इस साल ओलंपिक के लिए 117 खिलाड़ियों के दल को पेरिस भेजा था, जहां भारतीय एथलीट्स ने कुल छह पदक जीते। इसमें एक रजत और पांच कांस्य शामिल हैं। वहीं, पेरिस पैरालंपिक में भी भारतीय एथलीट्स ने ऐताहिसक प्रदर्शन किया और 29 पदक जीतकर टोक्यो का रिकॉर्ड तोड़ा था। तीन साल पहले भारत ने 19 पदक जीते थे। देश ने इस बार पैरा खेलों के इतिहास में अपने सबसे ज्यादा पदक जीते। इनमें सात स्वर्ण, नौ रजत और 13 कांस्य शामिल हैं।