यमुना एक्सप्रेसवे स्थित बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) में सोमवार को भारत के पहले और एचआरटी टीम के मौजूदा ड्राइवर नारायण कार्तिकेयन पहुंचे। उन्होंने अपनी टीम बिल्डिंग, गैराज समेत विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि दर्शकों में एफ-वन को लेकर दीवानगी कम नहीं हुई है।
बीआईसी पहुंचे नारायण ने बताया कि फॉर्मूला-1 रेस हाई प्रोफाइल खेल आयोजन है। क्रिकेट के अलावा यह दुनिया का सबसे बड़ा खेल आयोजन है। गत वर्ष की तुलना में इस बार कम टिकटों की बिक्री पर उनका कहना था कि ऐसा केवल भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया के तमाम मुल्कों में होता है। गत वर्ष जहां देश में पहली बार फॉर्मूला-1 रेस के क्रेज ने हर दर्शक को सबसे पहले इसकी टिकटें खरीदने के लिए प्रेरित किया था, वहीं इस बार तमाम दर्शक पिछली बार की परेशानियों के चलते कम रुचि दिखा रहे हैं। ट्रैफिक की परेशानी भी इसकी प्रमुख वजह है।
उन्होंने यह भी कहा कि दर्शकों में रुचि कम नहीं हुई है, लेकिन वे आयोजन स्थल तक पहुंचने के रास्ते में कोई व्यवधान नहीं चाहते। कार्तिकेयन ने कहा कि पहली बार काफी क्रेज के चलते सर्किट पर पहुंचे दर्शकों में इस बार उतना क्रेज नहीं है, लेकिन जैसे क्रिकेट में दर्शकों की रुचि होती है और क्रिकेट का प्रशंसक कैसे भी करके मैच देखने स्टेडियम पहुंचता है, वैसे ही मोटर स्पोर्ट्स के दीवानों के लिए यह आयोजन मेगा इवेंट है। मोटर स्पोर्ट्स में दिलचस्पी लेने वाले दर्शक हर हाल में इसे देखने पहुंचेंगे। अब भारत में मोटर स्पोर्ट्स के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और इन रेसों को भरपूर दर्शक मिलेंगे।