इंडियन ग्रां. प्री. (आईजीपी) की सफलता के लिए हर तैयारी की जा रही है। ऐसे में एफ-1 रेस से पहले ऊपर वाले से रेस की सफलता की दुआ करना भी जरूरी है, जिसके लिए बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) में एक सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
दरअसल जेपीएसआई द्वारा निर्मित बीआईसी की टीम में हर धर्म के व्यक्ति हैं। साथ ही रेस में आने वाले ड्राइवर्स, टीम सदस्य, दर्शक व अन्य कर्मचारी भी विभिन्न धर्मों के होते हैं। इसके अलावा यहां की छोटी से छोटी बात भी इस वक्त अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में शुमार हो रही हैं। ऐसे में दुनिया को खेल भावना के साथ ही अनेकता में एकता रूपी भारत की विशाल छवि प्रस्तुत करने के लिए समस्त प्रयास किए जा रहे हैं।
जेपीएसआई के एमडी और सीईओ समीर गौड़ ने बताया कि हर धर्म एक ही सद्भावना की बात कहता है। फॉर्मूला-1 रेस एक वैश्विक आयोजन है और इसकी सफलता सभी के लिए गर्व का विषय है। इसलिए इसके आयोजन से पूर्व एक सर्वधर्म प्रार्थना सभा की गई। बीआईसी के पैडॉक जोन में पंडितों द्वारा पूरे हिंदू विधि विधान से पूजन-हवन किया गया जबकि मौलवी, पादरियों द्वारा भी आयोजन पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना और दुआ की गई।