भारत को बुधवार को तब बड़ा झटका लगा, जब कुश्ती में फाइनल में पहुंच चुकीं विनेश फोगाट को तय वजन से ज्यादा वजन होने की वजह से डिसक्वालिफाई कर दिया गया। महिलाओं की 50 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में आज विनेश को फाइनल खेलना था। हालांकि, उससे पहले वजन मापने के दौरान उनका वजन 100 ग्राम ज्यादा रहा। भारत के दिग्गज मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने आरोप लगाया है कि ओलंपिक से पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्य करार दिया जाना साजिश भी हो सकती है। विजेंदर का कहना है कि विनेश जैसी एलीट खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट्स से पहले वजन कम करने की तकनीक बखूबी आती है। ओलंपिक पदक जीतने वाले भारत के पहले और इकलौते मुक्केबाज विजेंदर ने कहा कि यह हैरान करने वाला हे कि विनेश (50 किलो) का वजन ओलंपिक फाइनल से पहले 100 ग्राम अधिक निकला।
विजेंदर ने क्या कहा?
विनेश फोगाट
- फोटो : Twitter
उन्होंने कहा, 'यह साजिश हो सकती है। 100 ग्राम, मतलब मजाक है क्या? हम खिलाड़ी एक रात में पांच से छह किलो वजन घटा सकते हैं। हमें पता होता है कि अपनी भूख और प्यास पर कैसे काबू रखना है। साजिश का मतलब यह है कि लोग खेलों में भारत के बढ़ते कद को देखकर खुश नहीं हैं। इस लड़की (विनेश) ने इतना कुछ झेला है कि उसके लिए दुख होता है। वह और क्या कर सकती थी। अब कौन सी अगली परीक्षा है उनके सामने। मुझे यकीन नहीं होता कि विनेश ऐसी गलती करेगी। वह इतने लंबे समय से एलीट खिलाड़ी हैं और उन्हें पता है कि इसमें कुछ और भी है। मुझे उनकी चिंता हो रही है। उम्मीद है कि वह ठीक है और उनके साथ जो कुछ हुआ, वह ठीक नहीं है।'
पीटी उषा ने क्या कहा?
विनेश फोगाट
- फोटो : https://www.instagram.com/vineshphogat/
वहीं, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा है, 'विनेश की अयोग्यता बहुत चौंकाने वाली है। मैं कुछ समय पहले ओलंपिक गांव पॉलीक्लिनिक में विनेश से मिली थी और उन्हें भारतीय ओलंपिक संघ, सरकार के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया था। हम विनेश को सभी तरह की चिकित्सा और भावनात्मक सहायता प्रदान कर रहे हैं। भारतीय कुश्ती महासंघ ने UWW के सामने अपील किया है कि वह विनेश को डिस्क्वालिफाई करने के फैसले पर फिर से विचार करें। और कहा कि हम नियमों का यथासंभव मजबूत तरीके से पालन कर रहे हैं। मैं विनेश की चिकित्सा टीम द्वारा पूरी रात किए गए अथक प्रयास से अवगत हूं, ताकि वह प्रतियोगिता की आवश्यकताओं को पूरी कर सकें। वह पूरी रात मेहनत करती रहीं। आईओए पूरा प्रयास कर रहा कि इस घटना के बाद भारतीय दल का उत्साह बना रहे। मुझे भरोसा है कि हर भारतीय विनेश और पूरे भारतीय दल के साथ इस मुश्किल घड़ी में खड़ा है।'