धरमबीर ने भारत को दिलाया पांचवां सोना
फाइनल में धरमबीर की शुरुआत अच्छी नहीं हुई। लगातार चार थ्रो उनके अमान्य करार दिए गए। हालांकि, पांचवी बार उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 34.92 का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। इसके बाद छठे प्रयास में उन्होंने 31.59 का थ्रो किया। धरमबीर ने भारत को पेरिस पैरालंपिक में पांचवां स्वर्ण पदक दिलाया है। इससे पहले बुधवार को तीरंदाज हरविंदर सिंह ने स्वर्ण जीता पदक था। धरमबीर के स्वर्ण के साथ भारत ने टोक्यो में हासिल किए गए अपने सर्वश्रेष्ठ पांच स्वर्ण पदकों की बराबरी भी कर ली।
अमित नहीं दिखा पाए कमाल
पुरुषों की क्लब थ्रो एफ 51 स्पर्धा के फाइनल में अमित कुमार कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। वह पहले प्रयास में विफल रहे जबकि दूसरा थ्रो 21.49 का रहा। तीसरा थ्रो उनका एक बार फिर अमान्य रहा जबकि चौथे प्रयास में उन्होंने 23.96 की दूरी तय की। पांचवां और छठा थ्रो भी अमान्य रहा।
अंक तालिका में 13वें स्थान पर पहुंचा भारत
पेरिस पैरालंपिक में अब भारत के 24 पदक हो गए हैं। इनमें पांच स्वर्ण, नौ रजत और 10 कांस्य शामिल हैं। इसी के साथ भारत पैरालंपिक की पदक तालिका में 13वें स्थान पर पहुंच गया है। पदकों की यह संख्या अब तक की सर्वश्रेष्ठ है। टोक्यो 2020 पैरालंपिक में भारत ने 19 पदक जीते थे। भारत इस साल 25 पार के लक्ष्य के साथ उतरा है। वहीं, भारत ने एक पैरालंपिक खेलों में सबसे ज्यादा मेडल जीतने का नया रिकॉर्ड कायम किया है।