फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पैरा टेबल टेनिस : 11 दिन में 5 मेडल जीते अब जॉर्डन में दम दिखाएगी काशी की बेटी, पढ़ें खेल की अन्य खबरें

Wed, 02 Apr 2025 03:41 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी के कई स्थानों पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। बीएचयू, लहरतारा में हुए इन आयोजन में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों और दर्शकों ने उनका खूब उत्साहवर्धन किया।
विज्ञापन
पैरा टेबल टेनिस के खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पैरा टेबल टेनिस की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लगातार पांच पदक जीतने वाली वाराणसी के सिगरा निवासी प्रियांशी केसरी जॉर्डन की राजधानी अम्मान में 10 से 16 अप्रैल तक होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेंगी। पिता शंभू केसरी ने बताया कि प्रियांशी 8 अप्रैल को दिल्ली रवाना होंगी। 

विज्ञापन


राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लगातार पदक जीत रही प्रियांशी देश की टॉप रैंकिंग खिलाड़ी हैं। 11 दिन में पांच राष्ट्रीय प्रतियोगिता खेलकर पांच पदक जीतने वाली वह वाराणसी की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 25 से 27 मार्च तक खेलो इंडिया पैरा टेबल टेनिस प्रतियोगिता में पांचवां पदक जीता। वडोदरा में 17 से 19 मार्च तक सीनियर नेशनल रैंकिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण जीत नंबर वन रैंकिंग हासिल की है। 

वडोदरा में 21 से 23 मार्च राष्ट्रीय प्रतियोगिता हुई। एकल में प्रियांशी ने कांस्य और युगल मुकाबले में स्वर्ण जीता जबकि मिक्स डब्ल्स में कांस्य से संतोष करना पड़ा। 21 से 23 तक राष्ट्रीय प्रतियोगिता के तीनों मुकाबले में प्रियांशी ने पदक जीतकर काशी का नाम रोशन किया। 

विज्ञापन

बैक हैंड स्मैश नहीं झेल पाते खिलाड़ी
प्रियांशी केसरी रोज तीन घंटे अभ्यास करती हैं। उनका बैक हैंड स्मैश अच्छे अच्छे खिलाड़ी नहीं झेल पाते हैं। वह टेबल के दो फीट दूरी से स्मैश करने के अलावा सर्विस में भी कमाल करती हैं। सीधे सधे हाथों से खेला गया सर्विस बेहद अच्छा होता है। 

लालपुर में एथलेटिक्स छात्रावास में प्रवेश का शिविर
छात्रावास में प्रवेश के लिए चयन समिति ने एथलेटिक्स की संभावित बालक-बालिकाओं की सूची जारी कर दी है। बालक वर्ग में 40 और बालिका वर्ग में 15 खिलाड़ियों को जगह मिली है। 

राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटी प्रीति का स्वागत
34वीं सब जूनियर राष्ट्रीय बालिका कबड्डी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम की कांस्य विजेता प्रीति राजभर का स्वागत मंगलवार को क्षेत्रवासियों ने सिंधोरा में किया। किसान राजकुमार की बेटी प्रीति के साथ खिलाड़ियों का सिंधोरा चौराहे से लेकर घर तक जुलूस निकालकर स्वागत किया गया। कोच सिंहासन यादव, नॉर्मन यादव व मैनेजर बृजभूषण का स्वागत हुआ। ग्रामीणों ने कहा कि गांव की बेटी केखेलने से अन्य बेटियों को प्रेरणा मिलेगी। 

पहले दिन 4 खेलों में 97 खिलाड़ियों का पंजीकरण
क्षेत्रीय खेल कार्यालय ने ग्रीष्मकालीन खेलों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। आरएसओ विमला सिंह ने बताया है कि एक अप्रैल से खेल विभाग की ओर से सिगरा और लालपुर स्टेडियम में प्रशिक्षण शुरू हो गया। पहले दिन चार खेलों में 97 खिलाड़ियों पंजीकरण कराया। इसमें मुक्केबाजी के 26, कुश्ती के 10, वॉलीबॉल के 22 और तैराकी के 39 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। 

खेल विभाग के 13 अंशकालिक मानदेय कोच खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे। डाॅ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा में एथलेटिक्स, फुटबॉल, किकेट, तैराकी, बैडमिंटन, जिम्नास्टिक्स, कुश्ती, कबड्डी, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग व बास्केटबॉल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 

लालपुर स्टेडियम में फुटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में अंडर-18 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं। सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के स्विमिंग  पूल में नए सत्र में तैराकी प्रशिक्षण शुरू हो गया है। यहां लाइव सेवर की देखरेख में प्रशिक्षण दिया जाएगा। सिगरा में दो स्विमिंग पूल है। 

बीएचयू में वाॅलीबाॅल खेलते खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
क्वार्टर फाइनल में पहुंची अमेलेसिया टैनेक्स की टीम
बीएचयू परिसर में कृषि विज्ञान संस्थान के खेल मैदान पर मंगलवार को वॉलीबॉल के तीन मुकाबले खेले गए। पहले मैच में अमेलेसिया टैनेक्स ने फॉल्कंस को हराकर कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे मैच में ट्रिटिकल वॉरियर्स ने हेट्रोटीक नाइट्स को लगातार दो सेट में हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। 

तीसरे मैच में मिलेट मार्बल ने अमेलेसिया टैनेक्स को हरा दिया। क्वार्टर और सेमीफाइनल बुधवार को खेला जाएगा। मुख्य अतिथि डॉ. निखिल कुमार सिंह, डॉ. जे जॉर्विन, डॉ. संतोष कुमार ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

कश्मीर जाने से पहले विद्यापीठ की टीम। - फोटो : अमर उजाला
विद्यापीठ की टीम कश्मीर रवाना
कश्मीर विश्वविद्यालय में 4 से 7 अप्रैल को अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की टीम सोमवार को रवाना हुई। कोच डॉ. दिनेश सिंह ने बताया कि अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता महिला में छह जबकि पुरुष में नौ कुल 15 खिलाड़ी शामिल हैं। टीम को क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. नवरतन सिंह ने शुभकामनाएं दीं। 

रग्बी खेलते खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला
300 खिलाड़ी ले रहे प्रशिक्षण
नए सत्र में मंगलवार को परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में पांच खेलों का 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने आगाज कराया। रग्बी खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण के बाद अभ्यास मैच खेला। शिविर में पांच खेलों के दस कोच 300 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। डॉ. एके सिंह ने बताया कि शिविर में 16 वर्ष से कम आयु के बालक-बालिकाओं को निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 
विज्ञापन

लहरतारा में खिलाड़ियों से बात करते अतिथि। - फोटो : अमर उजाला
दूसरे मैच में कार्मिक ने लोको शेड को हराया
ग्रीष्मकालीन अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट मैच मंगलवार को पूर्वोत्तर रेलवे के लहरतारा मिनी स्टेडियम में खेला गया। उद्घाटन अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) रोशन लाल यादव ने किया। पहले मैच में राम प्रवेश यादव की 154 रनों की मदद से परिचालन ने इंजीनियरिंग विभाग को 86 रन से हराया। दूसरे मैच में कार्मिक ने लोको शेड विद्युत की टीम को सात विकेट से हरा दिया। 

पहले बल्लेबाजी कर परिचालन विभाग ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए। राम प्रवेश ने 62 बॉल में 22 चौकों और 7 छक्कों की मदद से अजेय 154 रन बनाए जबकि आशीष ने 38 और गौरव ने 21 रनों का योगदान दिया। 

256 रनों के लक्ष्य का पीछा कर इंजीनियरिंग विभाग की पूरी टीम 19.3 ओवर में 169 रन पर ऑलआउट हो गई। रामप्रवेश मैन ऑफ द मैच रहे। दूसरे मैच में लोको शेड विद्युत ने 20 ओवर में 134 रन बनाएं। कार्मिक ने 135 रन बनाकर 7 विकेट से मैच जीत लिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें