हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने शनिवार को पुष्टि की कि पाकिस्तान की टीम इस वर्ष के अंत में एफआईएच जूनियर विश्व कप में भाग लेने के लिए भारत का दौरा करेगी। इससे पहले पाकिस्तान की टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष के बाद बिहार के राजगीर में चल रहे हॉकी एशिया कप से बाहर होने का फैसला किया था।
भारत आएगी पाकिस्तान की टीम
भोलानाथ ने कहा, 'पाकिस्तानी टीम जूनियर विश्व कप के लिए भारत आ रही है। उन्होंने कल रात हमें इसकी पुष्टि की। मैंने उनसे उनकी उपलब्धता के बारे में पूछा था, क्योंकि उन्होंने मौजूदा एशिया कप से हटने का फैसला किया था।' दरअसल, हॉकी एशिया कप में खेलने से इनकार के बाद संदेह जताया गया था कि क्या पड़ोसी देश की टीम नवंबर-दिसंबर में दक्षिण भारतीय शहरों चेन्नई और मदुरई में आयोजित होने वाले जूनियर विश्व कप में प्रतिस्पर्धा करेगी। हालांकि, अब साफ हो गया है कि पाकिस्तान की टीम भारत का दौरा करेगी।
अंतिम चरण में तैयारियां
हॉकी इंडिया के महासचिव ने कहा कि टूर्नामेंट की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा, '24 देशों में से 23 देशों से हमें लंबी सूची प्राप्त हो चुकी है। अब केवल पाकिस्तान ही बचा है, जिसे एक या दो दिन में यह सूची प्राप्त होने की उम्मीद है।' हॉकी इंडिया के शीर्ष अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि एफआईएच प्रो लीग एक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है और जरूरत पड़ने पर भारत पाकिस्तान के साथ खेलेगा। 2025-26 एफआईएच प्रो लीग में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड की जगह ली है। भोलानाथ ने आगे कहा, 'अगर वे एफआईएच प्रो लीग में हमारे पूल में हैं और अगर हमारा पाकिस्तान से मैच है, तो हम उनके साथ क्यों नहीं खेलेंगे? यह एक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है। अगर पाकिस्तान प्रो लीग के लिए आता है, तो हम उनके साथ क्यों नहीं खेलेंगे? यह एक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है।'