पाकिस्तान क्रिकेट टीम 1992 के बाद एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहे वर्ल्ड कप में फिर से खिताबी सफलता का इतिहास रचना चाहती है। पाक ने वनडे क्रिकेट में पहली और आखिरी बार यहीं पर वर्ल्ड कप जीता था।
मिस्बाह-उल-हक की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम एक ओर जहां मैदान पर अपनी जोरदार तैयारी में जुटी है तो दूसरी ओर खिलाड़ी धार्मिक स्तर पर भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते। वह हर हाल में बेहतर प्रदर्शन की कोशिश में जुटे हैं। टीम के खिलाड़ियों की सबसे बड़ी सिरदर्दी यह है कि क्रिकेट के इस महाकुंभ में उनका पहला मुकाबला चिर-प्रतिद्वंद्वी टीम इंडिया से है। सबसे दीगर बात यह है कि वर्ल्ड कप में पाक कभी भी भारत से जीत नहीं सका है।
पाकिस्तान के खिलाड़ी मौलवियों और धार्मिक सलाहकारों के पास जाकर बेहतर प्रदर्शन के लिए उनसे सलाह मांग रहे हैं और यहां तक कि उनके कहने पर अपने टी-शर्ट के नंबर भी बदला रहे हैं।
अच्छे खेल के लिए ले रहे मौलवियों से सलाह
पाकिस्तान के कई खिलाड़ी वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने को बेताब हैं और इसलिए कई खिलाड़ी धार्मिक गुरुओं की सलाह पर अपने टी-शर्ट्स के नंबर भी बदल रहे हैं।
मध्य क्रम के बल्लेबाज उमर अकमल जो पिछले दिनों एक बेटी के पिता बने हैं को उनके एक पीर (बाबा) ने 96 नंबर के बजाए 3 नंबर का टी-शर्ट पहनने की सलाह दी है। स्थानीय खबरों के अनुसार उमर अपने खराब फॉर्म से बेहद परेशान हैं और वह इसके जरिए अपनी किस्मत बदलने की ख्वाहिश रखते हैं। उन्होंने टी-शर्ट का नंबर बदलने के लिए कह भी दिया है।
खबर के अनुसार, उमर अब वर्ल्ड कप में 3 नंबर का टी-शर्ट पहनेंगे जबकि युवा खिलाड़ी सोहैल हैरिस 80 के स्थान पर 89 नंबर की जर्सी पहने नजर आएंगे। हैरिस ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज के दौरान 80 नंबर का जर्सी पहना था।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने वर्ल्ड कप या ऐसे किसी भी बड़े टूर्नामेंट से पहले अपनी टी-शर्ट के नंबर बदलने की इजाजत दे रखी है। हालांकि ज्यादातर क्रिकेटर अपने पुराने नंबरों का ही प्रयोग करते हैं। लेकिन कुछ क्रिकेटर ऐसे भी है जो धार्मिक मान्यताओं पर विश्वास करते हैं और वर्ल्ड कप जैसे मेगा इवेंट से पहले वे उनसे अच्छे प्रदर्शन के लिए धार्मिक गुरुओं और मौलवियों के पास जाकर विचार-विमर्श करते हैं।
अफरीदी का टी-शर्ट नंबर जानते हैं आप!
पाकिस्तान टीम में शामिल कुछ नए क्रिकेटर अलग तरह के नंबर्स या कहे तो बड़े-बड़े नंबर्स का प्रयोग करते हैं। वहाब रियाज 47, एहसान आदिल 91 और यासिर शाह 86 नंबर का टी-शर्ट पहनते हैं। कप्तान मिस्बाह उल हक 22 नंबर की जर्सी पहनते हैं जबकि अनुभवी बल्लेबाज युनूस खान पिछले कई सालों से 75 नंबर की जर्सी का ही इस्तेमाल करते हैं।
पाकिस्तान टीम के सबसे बड़े हथियार कहे जाने वाले पूर्व कप्तान और विस्फोटक बल्लेबाज शाहिद अफरीदी पिछले कई सालों से 10 नंबर का टी-शर्ट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहन रहे हैं। हो सकता है कि यही नंबर पहनकर वह अपने अंतिम वर्ल्ड कप में उतरें।
ऐसी खबर भी है कि बल्लेबाज मुहम्मद हफीज के टी-शर्ट का नंबर 8 है, कभी इस नंबर का प्रयोग पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज इंजमाम-उल-हक किया करते थे। बाद में पीसीबी ने हफीज को इस नंबर का टी-शर्ट पहनने की इजाजत दे दी।
खैर, ये तो पता नहीं कि पाक खिलाड़ियों का अच्छे प्रदर्शन के लिए अपने टी-शर्ट का नंबर बदलन कितना कारगर होगा लेकिन यह तो तय ही है कि मैदान पर टी-शर्ट नहीं बल्कि उसे पहनने वाले खिलाड़ियों को ही खेलना होता है।
पर यहां पाक ने अपने खिलाड़ियों को दिया झटका
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एक तरफ अपने खिलाड़ियों को धार्मिक आधार पर टी-शर्ट के नंबर्स बदलने की अनुमति दे दी है लेकिन दूसरी ओर उसने अपने एक फैसले से खिलाड़ियों को हैरान कर दिया है।
पीसीबी ने अपने खिलाड़ियों को निर्देश दिया है कि वे वर्ल्ड कप के दौरान सोशल नेटवर्किंग साइट्स का इस्तेमाल नहीं करेंगे। पाक को अपना पहला मुकाबला 15 फरवरी को भारत से खेलना है।
पाक बोर्ड के टीम मैनेजर नावेद अकरम चीमा ने इस फैसले पर सहमति जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों का कार्यक्रम वर्ल्ड कप के दौरान बहुत ही व्यस्त रहेगा और उनके पास नेट पर बैठने और सर्फिंग करने का वक्त बहुत कम मिलेगा। उन्होंने कहा, "मुझे निजी तौर पर लगता है कि जिनके पास खाली वक्त होता है वहीं इन साइटों पर होते हैं और मैं नहीं सोचता कि हमारे खिलाड़ियों के पास क्रिकेट और वर्ल्ड कप में बेहतर प्रदर्शन करने के अलावा किसी और चीज पर फोकस करने का समय मिलेगा।"
उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों को इस सबसे बड़े टूर्नामेंट में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है और उन्हें अपना 100 फीसदी देना होगा और वे सिर्फ खेल पर ही ध्यान लगाएं इसलिए हमने उन पर सोशल मीडिया के उपयोग पर बैन लगा दिया है, जो भी इस नियम का उल्लंघन करता पाया जाएगा उसे सख्त से सख्त सजा मिलेगी।