अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में शुरू हुए 2018 समर यूथ ओलंपिक गेम्स के पहले दिन भारत ने दो मेडल जीते। भारत ने दोनों ही सिल्वर मेडल जीते। देश को पहला सिल्वर शूटिंग में तुषार माने ने दिलाया।
इसके बाद तबाबी देवी थंगजाम ने जुडो में सिल्वर जीतकर भारत के पदकों की संख्या में इजाफा किया। तबाबी ओलंपिक्स (जूनियर या सीनियर) में मेडल जीतने वाली भारत की पहली जूडोका बनीं।
माने ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता। वहीं जूडोका तबाबी देवी ने महिलाओं के 44 किग्रा वर्ग में मेडल जीता। गोल्ड मेडल मैच में तबाबी को वेनेजुएला की मारिया गिमिनेज से शिकस्त झेलनी पड़ी।
2017 एशियाई कैडेट चैंपियन तबाबी मणिपुर की हैं। फाइनल में गिमिनेज के हाथों भारतीय जूडोका को 0-2 की शिकस्त झेलनी पड़ी। गिमिनेज ने वजा-आरी पर इप्पों से 1-0 बढ़त बनाई। फिर तबाबी ने 1 पेनल्टी अंक दे दिया। यह मुकाबला सिर्फ 2 मिनट 8 सेकंड में पूरा हो गया।
बता दें कि भारत की तरफ से 46 एथलीट्स समर यूथ ओलंपिक के 13 खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। यूथ ओलंपिक गेम्स में यह भारत का सबसे बड़ा दल है। भारत ने 2014 में चीन के नानजिंग में हुए यूथ ओलंपिक्स में दो मेडल जीते थे। एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज।