नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में चल रही तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय एथलीट मीट के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न मुकाबलों में दमखम दिखाया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी धर्मशाला कॉलेज के खिलाड़ी पारस ने दो सौ मीटर में प्रदेश के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया।
पारस ने पूर्व के 22.40 सेकेंड के प्रदेश रिकॉर्ड को तोड़ते हु़ए 22.30 सेकेंड में दौड़ पूरी की। इस प्रतियोगिता में हमीरपुर कॉलेज के अर्जुन द्वितीय और धर्मशाला के सौरव तृतीय स्थान पर रहे। पारस ने शनिवार को भी एक सौ मीटर दौड़ 10.70 सेकेंड में पूरी कर रिकॉर्ड बनाया है।
ऊंची कूद में बाबा बालक नाथ कॉलेज चकमोह के खिलाड़ी सचिन कुमार ने स्वर्ण, आर्यसमाज राजकीय महाविद्यालय नूरपुर के संदीप कुमार ने रजत और राजकीय महाविद्यालय ज्वालामुखी के खिलाड़ी अभिषेक कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया।
आयोजक सचिव डॉ. पवन वर्मा ने कहा कि तीन दिवसीय खेलकूद स्पर्धा में 36 महाविद्यालयों साढ़े पांच सौ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन आठ अक्तूबर को होगा।