जमैका के फर्राटा धावक उसेन बोल्ट ने ट्रैक पर वापसी के संकेत दिए हैं। बोल्ट ने कहा कि अगर उनके पूर्व कोच ग्लेन मिल्स चाहे तो वह अपना संन्यास वापस ले सकते हैं। 100 मीटर औऱ 200 मीटर के विश्व रिकॉर्डधारी, आठ बार के ओलंपिक विजेता बोल्ट ने एक मैगजीन से इंटरव्यू के दौरान कहा कि वैसे तो उनका वापसी का कोई इरादा नहीं है, लेकिन कोच कहेंगे तो सबकुछ मुमकिन हो सकता है।
33 वर्षीय उसेन बोल्ट 11 बार के वर्ल्ड चैंपियन हैं, जिन्होंने 2017 में लंदन वर्ल्ड चैंपियनशिप के बाद संन्यास ले लिया था। आखिरी टूर्नामेंट में बोल्ट ने सिल्वर मेडल जीता था। हाल ही में पिता बने बोल्ट ने कहा, 'यदि मेरे कोच वापस कहते हैं तो मैं मना नहीं करूंगा, क्योंकि मैं अपने कोच पर बहुत बहुत विश्वास करता हूं। मैं जानता हूं, यदि वे कहेंगे कि हम फिर से करेंगे, तो मुझे पूरा विश्वास है कि सब कुछ संभव होगा।'
नोआह लायल्स ने पहले तोड़ा बोल्ट का रिकॉर्ड, फिर दिल टूट गया
19.19 सेकंड का समय निकालकर 200 मीटर रेस का विश्व रिकॉर्ड उसेन बोल्ट के नाम दर्ज है, जिसे अमेरिका के नोआह लायल्स ने पहले तो तोड़ दिया, लेकिन बाद में पता चला कि वे लेन में 15 मीटर आगे खड़े थे। यानी उन्होंने सिर्फ 185 मीटर दौड़ लगाई, जो उन्होंने 18.91 सेकंड में पूरी की। यह वाकया शुक्रवार को फ्लोरिडा में इंस्पिरेशन गेम्स में हुआ, जहां 22 वर्षीय लायल्स को लगा कि उन्होंने विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया, लेकिन वीडियो दोबारा देखने पर उनका दिल टूट गया।