फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इतिहास रचने से चूकीं पूजा ढांडा, विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में पदक जीतते ही कर जातीं यह कमाल

Thu, 19 Sep 2019 06:48 PM IST
अंशुल तलमले स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
पूजा ढांडा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कजाकिस्तान के नूर-सुल्तान में गुरुवार को भारतीय महिला पहलवान पूजा ढांडा इतिहास रचने से चूक गईं। महिलाओं के 59 किग्रा वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में चीनी पहलवान पी जिंग के सामने पूजा की एक न चली। 3-5 से यह मुकाबला हारते हुए पूजा न सिर्फ कांस्य पदक गंवा बैठीं बल्कि एक खास रिकॉर्ड बनाने से भी चूक गईं।

विज्ञापन


दरअसल, गुरुवार शाम खेले गए इस मुकाबले को जीतकर अगर पूजा कांस्य पदक अपने नाम करने में कामयाब हो जाती तो भारत की ओर से विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में दो मेडल जीतने वालीं एकमात्र महिला पहलवान भी बन जातीं।

भारत की ओर से वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप में अलका तोमर (2006), गीता फोगाट (2012), बबीता फोगाट (2012), और विनेश फोगाट (2019) के नाम ही पदक है। बुडापेस्ट में 2018 में हुए विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 57 किग्रा भारवर्ग में नॉर्वे की महिला पहलवान ग्रेस बुलन को हराते हुए पूजा ने कांस्य पदक जीता था। तब वह अब छह साल बाद फ्रीस्टाइल में मेडल जीतने वाली भारतीय महिला पहलवान बनीं थीं।

विज्ञापन

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2019 का सफर

पूजा ने इससे पहले बेलारुस की के. यानुश्चेविच को आसानी से 12-2 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया था। पूजा ने आक्रामक अंदाज में मुकाबले की शुरुआत की और बेलारुस की पहलवान उनका सामना नहीं कर पाई। उन्होंने आसानी से आत्मसमर्पण कर दिया।

इससे पहले पूजा ने क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त जापान की युजुका इनागाकी को कड़े संघर्ष के बाद 11-8 से हराकर उलटफेर किया था। पूजा इस मैच में वर्ल्ड नंबर पांच युजुका के खिलाफ 0-5 से पिछड़ रही थी, लेकिन उन्होंने इसके बाद शानदार तरीके से वापसी कर जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।

सेमीफाइनल में उन्हें 2017 की यूरोपियन चैंपियन लियुबोव ओवचारोवा ने एकतरफा सेमीफाइनल में मात्र 2 मिनट 37 सेकंड में तकनीकी श्रेष्ठता (10-0) से हरा दिया। पूजा इस मुकाबले में कोई चुनौती पेश नहीं कर पाई और आसानी से मैच गंवा बैठी।
विज्ञापन

जूडो खिलाड़ी से पहलवानी तक का सफर

अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित होतीं पूजा - फोटो : पीटीआई
हिसार के बुगाना गांव निवासी पूजा ढांडा को खेल दिवस के मौके पर इसी साल राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों अर्जुन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था। गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक पूजा के नाम पिछले नौ वर्षो में दर्जन भर से अधिक राष्ट्रीय व अंतर राष्ट्रीय पदक हैं। 

पूजा ने हाल में जुलाई में मैड्रिड (स्पेन) में आयोजित स्पेन ग्रैंड-प्रिक्स रेसलिंग चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 57 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया। पूजा ढांडा ने अपने खेल करियर की शुरुआत वर्ष 2009 में जूडो खिलाड़ी के रूप में की थी।

साल 2015 में खेल के दौरान पूजा चोटिल होने के कारण दो वर्ष तक खेलों से दूर रही हैं, लेकिन पूजा ने जनवरी 2017 में शानदार वापसी की। पूजा ने वर्ष 2018 में भी कॉमनवेल्थ गेम्स व सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में देश का नाम रोशन किया।

16 साल की होने तक पूजा जूडो या कुश्ती के बीच चुनाव में उलझी रहीं। एशियाई चैंपियनशिप विजेता कृपा शंकर बिश्नोई की सिफारिश पर उन्होंने कुश्ती का दामन थामा। उन्हें सबसे बड़ा समर्थक पिता अजमेर सिंह में मिला, जो हरियाणा पशुपालन केंद्र में काम करते हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें