बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने पहले ही कह दिया था कि वर्ल्ड चैंपियनशिप में जो भी खिलाड़ी पदक जीतेगा वो अगले साल फरवरी में चीन में होने वाले ओलंपिक क्वालीफायर के लिए क्वालीफाई कर जाएगा। इसी बात को दोहराते हुए भारतीय मुक्केबाजी के निदेशक सेंटिआगो निएवा ने कहा,' अमित और मनीष को अब कोई ट्रायल नहीं देना होगा और दोनों अगले साल चीन में ओलंपिक क्वालीफायर में खेलेंगे।
एशियाई खेलों और एशियाई चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता रोहतक के पंघाल ने क्वार्टरफाइनल में फिलीपींस के कार्लो पालाम को 4-1 से, जबकि राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता कौशिक ने ब्राजील के वांडरसन डि ओलिवेरा को 5-0 से शिकस्त दी।
अब दोनों खिलाड़ियों की कोशिश सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचने की होगी और देश के लिए गोल्ड जीतने की होगी। सेमीफाइनल में पंघाल का सामना कजाखस्तान के साकेन बिबोसिनोव से होगा वहीं कौशिक का सामना क्यूबाई खिलाड़ी एंडी गोमेज से होगा।