एशियाई रजत पदक विजेता कविंदर सिंह बिष्ट (57 किग्रा) ने रविवार को यहां विश्व पुरुष मुक्केबाजी चैंपियनशिप के कड़े मुकाबले में चीन के चिना झिहाओ को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की।
पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ चीन के मुक्केबाज का चेहरा लहूलुहान हो गया। दोनों खिलाड़ी एक दूसरे पर कड़े प्रहार नहीं कर सके और जजों ने कविंदर के पक्ष में 3-2 से फैसला दिया। भारतीय वायु सेना से जुड़े 26 साल के इस खिलाड़ी ने 2017 में हैमबर्ग में हुई विश्व चैंपियनशिप में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था लेकिन इस बार वह पदक के दावेदारों में शामिल हैं। इससे पहले दूसरे वरीय और एशियाई चैंपियन अमित पंघाल (52 किग्रा) और राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता मनीष कौशिक (63 किग्रा) दमदार जीत के साथ प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं।
यह टूर्नामेंट टोक्यो 2020 ओलंपिक क्वालिफायर होना था जिसमें पारंपरिक दस भारवर्ग की बजाय संशोधित आठ (52, 57, 63, 69, 74, 81, 91 और प्लस 91 किलो) भार वर्ग रखे गए हैं। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (एआईबीए) में लंबे समय से चली आ रही प्रशासनिक अनियमितताओं के कारण इससे ओलंपिक क्वालिफायर का दर्जा छीन लिया। आईओसी ने इस खेल के ओलंपिक क्वालिफिकेशन को अपने हाथ में ले लिया है जो अगले साल फरवरी में एशियाई क्वालिफायर्स के साथ शुरू होगा।