विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता अंजुम मौदगिल ने रविवार को महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन का राष्ट्रीय ट्रायल जीतकर इस स्पर्धा में दबदबा बनाया। अंजुम ने शनिवार को भी इस स्पर्धा का खिताब जीता था। पंजाब की अंजुम ने इससे पहले राइफल प्रोन के भी दोनों खिताब जीते। अंजुम फाइनल में 460.2 अंकों के साथ चैंपियन बनी। उन्होंने शनिवार को फाइनल में 456 अंक जुटाए थे।
अंजुम हालांकि क्वालिफिकेशन में 1162 अंकों के साथ दूसरे, पूर्व विश्व चैंपियन तेजस्विनी सावंत (1164) शीर्ष पर रही। फाइनल में गुजरात की अनुभवी लज्जा गोस्वामी (456.5 अंक) और तेजस्विनी (442.0 अंक) क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। मध्य प्रदेश की प्रसिद्धी ने लगातार दूसरे दिन जूनियर महिला थ्री पोजीशन का खिताब जीता। विजयवीर सिद्धू पुरुषों की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल के सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों में चैंपियन बने।