मैरी के लिए तैयारियां रिवीजन की तरह
मैरी को यह अच्छी तरह याद है कि उन्होंने हाना को हराया है, लेकिन वह फिर साफ करती हैं कि यूक्रेनी बॉक्सर उनके खिलाफ जबरदस्त तैयारियां करके आएगी। वह भी हाना के खिलाफ खेली गई बाउट की वीडियो देखकर नए सिरे से रणनीति बनाकर उन्हें चौंकाने की कोशिश करेंगी। वह कहती हैं कि किसी भी बाउट की तैयारी ठीक उसी तरह है जैसे परीक्षा के दौरान रिवीजन किया जाता है।
किम ने कहा वह जीती हुई थीं
उत्तर कोरियाई बॉक्सर फैसले से हैरान थीं। उन्होंने बाउट के बाद कहा कि उन्हें लगता है कि फैसला उनके पक्ष में आना चाहिए था। उन्होंने काफी दबाव बनाकर रखा था, लेकिन मैरी बड़ी बॉक्सर हैं। वह फैसले पर किसी तरह का विवाद नहीं खड़ा कर इसे स्वीकार करती हैं। लेकिन उनके हिसाब से वही जीती हुई हैं और वह यही मानकर आगे बढ़ रही हैं। बावजूद इसके किम ने मैरी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह जिस तरह की बॉक्सर हैं उनके खिलाफ खेलना ही बड़ी बात है। वह पिछली बार की तुलना में इस बार उनके खिलाफ अच्छा खेलीं।
लोवलीना को कांस्य से करना पड़ा संतोष
लोवलीना को 69 किलो भार के सेमीफाइनल में हारकर कांसे से संतोष करना पड़ा। पहली बार इस टूर्नामेंट में खेल रहीं असम की लोवलीना को चीनी ताइपे की चिन निएन चेन के हाथों 0-4 से हार झेलनी पड़ी। चेन ने लोवलीना को अपनी स्टाइलिश बॉक्सिंग से जमने नहीं दिया। उन्होंने कुछ बेहतरीन वन-टू पंच लगाए। हालांकि मुकाबला बराबरी का जा रहा था, लेकिन तीसरे दौर में रेफरी ने लोवलीना को चिन के सिर के पीछे पंच जड़ने पर चेतावनी दे दी, जिससे सभी जजों की ओर से की गई स्कोरिंग में उनका एक-एक अंक कट गया।