विम्बलडन चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच कोरोना वैक्सीन से दूरी बनाए रखने के अपने फैसले पर कायम हैं। रविवार (10 जुलाई) को फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस को हराकर सातवीं बार यह खिताब जीतने वाले जोकोविच ने कहा है कि वह कोरोना का टीका नहीं लेंगे। अगले महीने अमेरिका में साल का चौथा ग्रैंड स्लैम खेला जाना है। वहां के नियमों के मुताबिक, जोकोविच को बिना टीका लिए खेलने नहीं दिया जाएगा। ऐसे में वह यूएस ओपन से दूर रह सकते हैं।
जोकोविच को उम्मीद है कि अमेरिकी अधिकारी उन्हें यूएस ओपन में भाग लेने की अनुमति देने के लिए समय पर प्रवेश नियमों में बदलाव करेंगे। उनकी नजर अपने चौथे यूएस ओपन खिताब पर है। पिछले साल फाइनल में वह रूस के दानिल मेदवेदेव से हार गए थे। जोकोविच ने कोरोना का टीका नहीं लिया है। अगर वह टीका नहीं लेते हैं तो नियमों के मुताबिक उन्हें टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
'टीका लेने की कोई योजना नहीं'
35 वर्षीय इस स्टार टेनिस खिलाड़ी ने कहा, "मैंने टीका नहीं लिया है और मैं टीका लेने की कोई योजना नहीं बना रहा हूं। ऐसे में मेरे पास एकमात्र अच्छी खबर यह हो सकती है कि वे अनिवार्य ग्रीन वैक्सीन कार्ड को हटा दें या आप इसे जो भी कहते हो। अगर ऐसा नहीं होता तो छूट देनी चाहिए। मुझे नहीं लगता कि छूट वास्तविक रूप से संभव है। अब देखना है कि वह नियमों को मेरे अमेरिका जाने से पहले समाप्त करते हैं या नहीं।''
ऑस्ट्रेलिया से भेजे गए थे वापस
सर्बिया के इस खिलाड़ी को टीका नहीं लेने के कारण इस साल के शुरुआत में ऑस्ट्रेलियन ओपन में नहीं खेलने दिया गया था। जोकोविच को ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद वहां से वापस भेज दिया गया था। वह अपने खिताब को डिफेंड नहीं कर पाए थे। जोकोविच ने माना कि इस घटना के कारण उनके साल की शुरुआत खराब हुई थी और इससे बाहर में उन्हें महीनों लग गए थे।
जोकोविच ने जीता 21वां ग्रैंड स्लैम
जोकोविच ने विम्बलडन ओपन के पुरुष एकल फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस को चार सेटों तक चले मुकाबले में 4-6, 6-3,6-4, 7-6 (7-3) से हरा दिया। उन्होंने अपने करियर का 21वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने के मामले में जोकोविच दूसरे स्थान पर पहुंच गए। सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने के मामले में स्पेन के राफेल नडाल पहले स्थान पर हैं। उन्होंने 22 खिताब जीते हैं। वहीं, रोजर फेडरर अब तीसरे स्थान पर खिसक गए। उनके नाम 20 ग्रैंड स्लैम हैं।