राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ऑनलाइन पुरस्कार प्रदान करेंगे और देश के विभिन्न भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्रो से पुरस्कार विजेता इस समारोह में हिस्सा लेंगे। इस साल के पांच खेल रत्न में से एक टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा ने कहा, 'हमें इस तथ्य को स्वीकार करना होगा कि इस महामारी से जीवन स्थिर हो गया है लेकिन मैं इस समारोह के लिए भी काफी उत्साहित हूं।'
समारोह 'वर्चुअली' कराने का फैसला सकारात्मक
अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करने वाले पैरा एथलीट संदीप चौधरी ने कहा, 'मैं बहुत खुश हूं कि पुरस्कार समारोह कोविड-19 हालात के बावजूद राष्ट्रीय खेल दिवस के दौरान ही आयोजित हो रहा है। साई ने इतनी परेशानियों के बावजूद समारोह 'वर्चुअली' कराने का फैसला किया जो सकारात्मक है।'
यह काम करने वाली टीम को सलाम
मंत्रालय की विज्ञप्ति में राष्ट्रीय वुशु टीम के कोच और द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुने गए कुलदीप हांडू ने आयोजकों की तारीफ की। उन्होंने कहा, 'जब मैं ड्रेस रिहर्सल में था, तो यह बहुत सरल दिख रहा था लेकिन तकनीकी रूप से इतनी सटीकता से इन्हें आयोजित करना आसान नहीं होगा। देश के विभिन्न राज्यों से सभी पुरस्कार विजेताओं को राष्ट्रपति के साथ ऑनलाइन जोड़ना निश्चित रूप से काफी मुश्किल काम है। यह काम करने वाली टीम को सलाम।'