भारत की स्टार महिला पहलवानों विनेश फौगाट (55 भारवर्ग) और साक्षी मलिक (62 भारवर्ग) ने फाइनल में शानदार जीत के साथ शनिवार को सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में अपने-अपने भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिए।
हालांकि हरियाणा की अन्य पहलवान अनीता श्योराण का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा जिन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता रेलवे की दिव्या काकराण को 68 भारवर्ग में पराजित कर दिया। पैंतीस वर्षीय अनीता ने पिछले साल 65 भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा छह साल बाद वापसी कर रहीं पंजाब की गुरशरण कौर ने 76 भारवर्ग में हरियाणा की पूजा को 4-2 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
रेलवे की ओर से खेल रहीं विनेश ने हरियाणा की 20 साल की अंजू को 7-3 से मात दी। राष्ट्रीय चैंपियनशिप में यह विनेश का लगातार दूसरा स्वर्ण पदक है। साक्षी ने हरियाणा की राधिका को फाइनल में 4-2 से मात दी। चंडीगढ़ की नीतू को 57 भारवर्ग में सरिता मोर से हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। जबकि 65 भारवर्ग में हरियाणा की निशा ने रेलवे की नवजोत को 4-1 से शिकस्त दी।