भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा ने अपने से ऊंची रैंकिंग की खिलाड़ी मिशेल ली को हराकर उलटफेर किया जिससे भारतीय महिला बैडमिंटन टीम ने शनिवार को उबेर कप टूर्नामेंट जीत के साथ अभियान की शुरुआत की। भारतीय महिला टीम ने इस तरह कनाडा पर 4-1 की जीत से टूर्नामेंट में सकारात्मक शुरुआत की है।
चालिहा ने राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता को हराया
रैंकिंग में 53वें स्थान पर काबिज चालिहा ने मानसिक मजबूती और जज्बे का शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया की 25वें रैंकिंग की खिलाड़ी ली को शुरुआती सिंगल्स मैच में 26-24, 24-22 से मात दी। ली 2014 और 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीत चुकी हैं। फरवरी में पहली बार एशिया टीम चैंपियनशिप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहीं चालिहा ने पीवी सिंधू सहित शीर्ष खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में जिम्मेदारी अच्छी तरह निभाई।
भारतीय टीम ने कनाडा को किया चित्त
पिछले साल सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप का खिताब जीतने वाली प्रिया कोंजेगबाम और श्रुति मिश्रा की युवा महिला डबल्स जोड़ी ने कैथरीन चोई और जेसलिन चाउ को 21-12, 21-10 से हराकर भारत को 2-0 से आगे कर दिया था। इशारानी बरुआ ने वेन यू झांग को 21-13, 21-12 से हराकर भारत को 3-0 की अजय बढ़त दिलाने में मदद की। दूसरे महिला डबल्स में सिमरन सिंधी और रितिका ठाकुर को जैकी डेंट और क्रिस्टल से 19-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद राष्ट्रीय चैंपियन अनमोल खरब ने पांचवें और अंतिम मैच में एलियाना झांग को 21-15, 21-11 से हराकर आसान जीत हासिल की। अब युवा भारतीय महिला टीम का सामना इस टूर्नामेंट के अगले मुकाबले में सोमवार को सिंगापुर और मंगलवार को चीन से होगा। भारतीय टीम ग्रुप-ए में शामिल है। वहीं, थॉमस कप में भारतीय पुरुष टीम अपने खिताब का बचाव करने की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ करेगी।