यूपी योद्धा ने गुरुवार को प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) छह के अपने अंतिम लीग मुकाबले में बंगाल वॉरियर्स को 41-25 से मात देकर प्लेऑफ का टिकट कटा लिया। यूपी योद्धा 22 मैचों से आठ जीत से 57 अंक लेकर जोन बी में तीसरे स्थान पर रहा।
इससे पहले पवन सेहरावत के शानदार खेल के दम पर बंगलुरु बुल्स ने अपने अंतिम लीग मैच में पिंक पैंथर्स को 40-32 से पराजित किया। इस जीत के साथ बंगलूरु की टीम जोन बी में 13 जीत से 78 अंकों के साथ शीर्ष पर रही।
अब प्लेऑफ में बंगलूरु का सामना 31 दिसंबर को कोच्चि में जोन ए की शीर्ष टीम गुजरात फॉर्च्यूनजाइंटस से होगा। सेहरावत अब 236 रेड अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उनके यह अंक पटना पाइरेट्स के प्रदीप नरवाल (233) से तीन अधिक हैं।