सुगा ने कहा कि पूरे देश में कोरोना संक्रमण के मामलों को फिर से फैलने से रोकने के लिए आपातकाल जरूरी था। उन्होंने कहा, 'डेल्टा स्ट्रेन के असर को ध्यान में रखते हुए देश में संक्रणम को बढ़ने से रोकने के लिये हमें वायरस रोकने के उपाय बढ़ाने की जरूरत है।' टोक्यो के हानेडा हवाईअड्डे पर बाक कैमरों से बचते दिखे और वह सीधे तोक्यो में स्थित आईओसी के खेल मुख्यालय में पहुंचे जो शहर के बीचों बीच एक पांच सितारा होटल है। उन्हें तीन दिन तक पृथकवास में रहना होगा।
बाक स्थगित हुए टोक्यो खेलों के आरंभ होने से महज दो हफ्ते पहले ही पहुंचे हैं। आईओसी और स्थानीय आयोजक जापान की जनता और चिकित्सीय समुदाय के विरोध के बावजूद महामारी के दौरान खेलों को आयोजित कर रहे हैं। आपातकाल में बार, रेस्तरां और शराब परोसने वाले कराओके पार्लर बंद करने के लिये कहा गया है। शराब परोसने पर प्रतिबंध ओलंपिक संबंधित उत्सवों को कम करने और लोगों को पार्टी करने से रोकने की ओर महत्वपूर्ण कदम है। स्वास्थ्य मंत्री नोरिहिसा तमुरा ने कहा, 'लोगों को ओलंपिक का मजा लेने के लिये बाहर शराब पीने से रोकना ही मुख्य मुद्दा है।'
मौजूदा आपातकाल रविवार को समाप्त होगा। टोक्यो में गुरुवार को 896 नए मामले सामने आये जो एक हफ्ते पहले आये मामलों से 673 ज्यादा है। बुधवार को 920 मामले सामने आए थे और 13 मई को 1010 मामले सामने आने के बाद यह सबसे ज्यादा संख्या है। उद्घाटन समारोह भी दर्शकों के बिना कराया जायेगा जो ओलंपिक के दौरान सबसे ज्यादा देखा जाने वाला कार्यक्रम होता है।