प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने कोरोना वायरस उपायों को लेकर अपने प्रमुख मंत्रियों के साथ बैठक भी की। सुगा ने कहा कि टोक्यो में मामले बढ़ने से रोकने के लिए वे अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह टोक्यो में आपातकाल की स्थिति बहाल करने पर गुरुवार को निर्णय करेंगे। टोक्यो में यदि आपातकाल की स्थिति घोषित की जाती है तो ओलंपिक आयोजकों को 23 जुलाई से शुरू होने वाले खेलों में स्थानीय दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति देने की योजना पर पुनर्विचार करना होगा। बता दें कि टोक्यो में बुधवार को 920 नए मामले सामने आए जो 13 मई के बाद एक दिन में पाए गए मामलों का नया रिकॉर्ड है। जापान में केवल 12 प्रतिशत लोगों का ही पूर्ण टीकाकरण हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) और टोक्यो ओलंपिक के आयोजकों ने बुधवार को कहा कि आईओसी अध्यक्ष थॉमस बाक आठ जुलाई को टोक्यो पहुंचेंगे और तीन दिन तक पृथकवास में रहने के बाद खेलों से पहले होने वाली बैठकों में हिस्सा लेंगे। बाक के दौरे से पहले टोक्यो में कोविड-19 संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।
कुछ राज्यों में 12 जुलाई को खत्म होगा आपातकाल
वहीं, कुछ राज्यों में लगा आपातकाल 12 जुलाई को खत्म होगा और संभावना है कि सरकारी अधिकारियों को ओलंपिक के शुरू होने के दौरान फिर से राज्य में आपातकाल लगाना पड़े। बाक के 16 जुलाई को हिरोशिमा का दौरा करने की भी उम्मीद है और तभी आईओसी उपाध्यक्ष जॉन कोट्स नागासाकी का दौरा करेंगे। कोट्स से एक महीने पहले पूछा गया था कि क्या ओलंपिक राज्य में आपातकाल के दौरान आयोजित किए जा सकते हैं तो उन्होंने कहा था, 'इसका जवाब बिलकुल हां है।' बता दें किजापान में कोरोना महामारी के कारण 14,800 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।