ऑस्ट्रेलिया की तैराक एम्मा मैककॉन ने टोक्यो ओलंपिक में तैराकी स्पर्धा में सात पदक जीत कर इतिहास रच दिया। वह दुनिया की पहली महिला तैराक हैं जिन्होंने एक ही स्पर्धा में चार गोल्ड सहित सात मेडल जीते हैं।
ऑस्ट्रेलिया की महिला तैराक एम्मा मैककॉन ने टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रच दिया है। उन्होंने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाते हुए कई कीर्तमान स्थापित किए। उन्होंने खेलों के महाकुंभ टोक्यो ओलंपिक में तैराकी में चार स्वर्ण सहित कुल मिलाकर सात पदक जीते हैं। रविवार (1अगस्त) को उन्होंने 4x100 मेडले रिले में स्वर्ण पदक जीता। यह टोक्यो ओलंपिक में उनका चौथा गोल्ड मेडल था। एक महिला के तौर पर किसी एक गेम में सात पदक जीतने वाली वह दुनिया की पहली तैराक हैं। इसके अलावा ओलंपिक में वह दुनिया की दूसरी महिला हैं जिन्होंने सात पदक जीते हैं। उनसे पहले साल 1952 में रूस की जिमनास्ट मारिया गोरोखोव्स्काया ओलंपिक में सात पदक जीते थे। मैककॉन ने इस उपलब्धि के साथ मारिया के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
विज्ञापन
ब्रिस्बेन की रहने वाली 27 वर्षीया महिला तैराक एम्मा मैककॉन से पहले तीन पुरुष तैराकों ने ओलंपिक में इस तरह का करिश्मा किया था। जिनमें माइकल फेल्प्स, मार्क स्पिट्ज और मैट बियोन्डी शामिल हैं। इन तीनों तैराकों ने एक ही ओलंपिक में सात पदक जीते हैं।
महिला वर्ग में मैककॉन ने 50 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी में 23.81 सेकेंड का समय लेकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले मैककॉन 100 मीटर फ्रीस्टाइल का स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा मैककॉन 4x100 मेडले रिले की ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल थीं जिसने दो बार गत चैंपियन अमेरिका को हराकर पदक जीता।