लुईस हैमिल्टन ने रविवार को पोल पोजीशन से शुरुआत करते हुए स्टायरियन ग्रां प्री का खिताब जीता जो उनके करियर की 85वीं जीत है और इससे वह माइकल शूमाकर के फार्मूला वन के रिकार्ड से छह जीत दूर रह गए हैं।
शूमाकर ने अपनी अधिकतर जीत फेरारी के साथ दर्ज की थी लेकिन अभी उनकी पुरानी टीम संघर्ष कर रही है। पिछली चार रेस में दूसरी बार चार्ल्स लेकरेक और सेबेस्टियन वेटेल रेस पूरी नहीं कर पाए।
हैमिल्टन ने रिकार्ड 89वीं बार पोल पोजीशन से शुरुआत की और रेस के दौरान कोई उन्हें खास चुनौती पेश नहीं कर पाया। वह मर्सीडीज के अपने साथी वलटारी बोटास से 13.7 सेकेंड के लिए आगे रहे। रेड बुल के मैक्स वर्सटाप्पन तीसरे स्थान पर रहे। बोटास ने पिछले महीने आस्ट्रियाई ग्रां प्री का खिताब जीता था।