आखिरकार पहलवान सुशील कुमार ने नर सिंह यादव के साथ ट्रायल कराने के लिए अदालत की शरण ले ली। पहले भारतीय कुश्ती संघ और बाद में खेल मंत्रालय की ओर से इस मामले पर पल्ला झाडने के बाद सुशील कुमार ने दिल्ली हाईकोर्ट में सोमवार को याचिका दाखिल कर दी, जिसमें रियो ओलंपिक में खेलने के लिए 74 किलो भार वर्ग में नर सिंह यादव के साथ ट्रायल कराने की अपील की गई है। मामले पर सुनवाई जस्टिस मनमोहन की ओर से मंगलवार को की जाएगी।
अमर उजाला की ओर से इस बात का खुलासा शुक्रवार को ही कर दिया गया था कि सुशील राहत नहीं मिलने पर अदालत का दरवाजा खटखटा सकते हैं। वही हुआ, ट्रायल केलिए सुशील की ओर से खेल मंत्री से लेकर पीएमओ, साई डीजी और भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह को पत्र लिखे जाने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई। बीते तीन दिनों के दौरान सुशील ने खेल मंत्री से मिलने की कोशिशें कीं, लेकिन बात नहीं बनी।
खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने पहले ही साफ कर दिया था कि चयन का अधिकार फेडरेशन के पास है और मंत्रालय इसमें हस्तक्षेप नहीं कर सकता है। बृज भूषण की ओर से कहा गया कि जब तक खेल मंत्रालय उनसे ट्रायल कराने के लिए नहीं कहेगा तब तक उनका फैसला रियो के लिए कोटा हासिल करने वाले नर सिंह यादव के पक्ष में रहेगा। सोमवार की सुबह जब खेल मंत्री ने पटियाला में फिर वही हस्तक्षेप नहीं करने की पुरानी बात दोहराई। उसके बाद ही सुशील ने अदालत की शरण ले ली।