खेल मंत्रालय और भारतीय ओलंपिक संघ ने वर्ल्ड आर्चरी के समक्ष मंगलवार को भारतीय तीरंदाजी संघ के चुनाव को खारिज कर दिया। वर्ल्ड आर्चरी के सेक्रेटरी जनरल टॉम डिलेन ने मंत्रालय के सचिव और आईओए महासचिव राजीव मेहता से मुलाकात की, जिसमें दोनों ने ही डिलेन से साफ कर दिया कि एएआई का चुनाव स्पोर्ट्स कोर्ड के अनुसार नहीं हुआ है।
उनकी ओर से एएआई की नवगठित कार्यकारिणी को मान्यता नहीं दी जा रही है। वहीं एएआई अध्यक्ष बीवीपी राव ने भी डिलेन के समक्ष अपना पक्ष रख उनकी ओर से भारत में तीरंदाजी के विकास को लेकर किए जा रहे कार्यों केबारे में बताया।
राव ने डिलेन से कहा कि चुनाव प्रशासक एसवाई कुरैशी की निगरानी में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कराए गए जिसमें कुछ गलत नहीं था। वहां मेहता और मंत्रालय ने डिलेन को कहा कि एएआई को मान्यता देना उचित नहीं होगा। इसका असर दूसरे खेल संघों पर भी पड़ेगा। इस बैठक के बाद अब डिलेन एएआई पर अपना फैसला लेंगे।