छह बार की विश्व चैंपियन एमसी मैरीकॉम सहित देश की 60 महिला मुक्केबाजों का चयन मंगलवार से दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में शुरू हुए राष्ट्रीय शिविर के लिए किया गया है। इस शिविर से विश्व चैंपियनशिप और 2020 टोक्यो ओलंपिक के लिए संभावित खिलाड़ियों का चयन होगा।
शिविर में मैरीकॉम के अलावा विश्व युवा चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता नीतू (48 किग्रा) और साक्षी (57 किग्रा) के साथ 2017 की कांस्य पदक विजेता आस्था पावा (75 किग्रा) भी भाग ले रही हैं, जिन्हें पहली बार सीनियर शिविर में बुलाया गया है। शिविर के लिए चयनित मुक्केबाजों में युवा और अनुभव का मिश्रण है।
तमिलनाडु की एस कलयीवानी, उत्तराखंड की हिमानी पंत, उत्तर प्रदेश की रिंकी शर्मा, मध्य प्रदेश की मंजू, चंडीगढ़ की सोहिनी, हिमाचल की मोनिका और राजस्थान की ललिता इनमें ऐसी खिलाड़ी हैं जिन्हें भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए चुना गया है। एक महीने के शिविर के बाद खिलाड़ियों को सबसे पहले बुल्गरिया में होने वाले स्ट्राडजा स्मारक कप मुक्केबाजी में भाग लेना है।