अंडर-23 टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में हिमाचल ने अरुणाचल प्रदेश को करारी मात दी। अरुणाचल प्रदेश की टीम 14 रन पर ढेर हो गई। जवाब में हिमाचल ने 1.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए जीत हासिल कर ली।
मंगलवार को दिल्ली के एयरफोर्स कांप्लेक्स मैदान पलम नई दिल्ली में महिला क्रिकेट अंडर-23 का टी-20 मैच खेला गया। अरुणाचल प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अरुणाचल प्रदेश की चार खिलाड़ियों को छोड़कर अन्य खाता भी नहीं खोल सकीं। इन चारों में से भी एक भी दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाईं।
हिमाचल की ओर से उम्दा गेंदबाजी करते हुए प्राची पी चौहान एक रन देकर चार, रेनुका के सिंह ने चार रन देकर दो और तनुजा कंवर ने एक रन देकर एक विकेट लिया। हिमाचल की बल्लेबाज हरलीन दियोल ने पांच गेंदों में 11 और एसएम सिंह ने चार गेंदों में पांच रन बनाए।