गोला फेंक खिलाड़ी तेजिंदर सिंह तूर ने इंडियन ग्रां प्री चार में सोमवार को राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ टोक्यो ओलंपिक का टिकट पक्का किया। इस दौरान चार गुणा 100 मीटर की रिले टीम और फर्राटा धाविका दुती चंद ने भी नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किए। तूर ने 21.49 मीटर की दूरी के साथ ओलंपिक क्वालीफिकेशन हासिल किया और अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया। गोला फेंक में ओलंपिक क्वालीफाई करने के लिए 21.10 मीटर दूरी को मानक रखा गया है। इस खेल का पिछला भारतीय रिकॉर्ड भी तूर के नाम ही था, जिन्होंने 2019 में 20.92 मीटर की दूरी तय की थी।