जकार्ता एशियाई खेलों में खराब प्रदर्शन करने की गाज महिला बॉक्सरों पर गिर गई है। एशियाड में गई तीन बॉक्सर सरजूबाला देवी, पवित्रा और सोनिया लाथेर को दिल्ली में 14 नवंबर से होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप की टीम से बाहर कर दिया गया है। सोनिया लाथेर को खराब प्रदर्शन का हवाला देकर शुक्रवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में हुए ट्रायल में नहीं खेलने दिया गया।
वहीं, 48 किलो में मैरी कॉम और 60 किलो में सरिता देवी की वापसी हुई है। दोनों ही बॉक्सर एशियाड में नहीं खेली थीं। दोनों को बिना ट्रायल टीम में चयनित किया गया है। जकार्ता में 48 किलो में भार वर्ग में खेलने वाली सरजूबाला के कंधे में चोट के चलते ट्रायल नहीं खेलीं, जबकि पवित्रा और सोनिया को ट्रायल नहीं खेलने दिया गया।
51 किलो में पिंकी जांगड़ा ने रितु ग्रेवाल को हराकर टीम में जगह बनाई। 54 किलो में मनीषा, 57 किलो में रोहतक की सोनिया, 75 किलो में स्वीटी वोहरा और प्लस 81 किलो में सीमा पूनिया ने ट्रायल में जीत हासिल की। मैरी और सरिता के अलावा बिना ट्रायल के टीम में 64 किलो में सिमरनजीत कौर, 69 किलो में लवलीना और 81 किलो में भाग्यवती को चुना गया है।