ग्रीको रोमन पहलवान साजन भनवाल को अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के कांस्य पदक के कड़े मुकाबले 5-6 से हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा के बीस वर्षीय पहलवान ने 77 भारवर्ग में रूस के इस्माइल सैदखासोनोव के खिलाफ 1-5 से पिछड़ने के बाद 5-5 से बराबरी कर ली थी।
इस्माइल अंडर-23 में यूरोपियन चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता हैं। साजन के पलटवार के बाद इस्माइल अंत में महत्वपूर्ण अंक बटोरने में सफल हो गए। साजन ने इस साल जूनियर एशियन चैंपियनशिप में पहला अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीता था और वह पहले पहलवान थे जिन्होंने जूनियर विश्व चैंपियनशिप में लगातार दो पदक जीते।
पिछले साल फिनलैंड में हुई चैंपियनशिप में कांस्य और इस साल स्लोवाकिया में हुई प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। ग्रीको रोमन शैली में मंगलवार को मैट पर उतरे भारत के छह पहलवान कोई भी पदक नहीं दिला सके। सुनील के पास 87 भारवर्ग में मौका था लेकिन वह रेपचेज राउंड में वह बुल्गारिया के योअन से हार गए। मनीष (60), रविदंर (67), अजय कुमार (72) और दीपांशु को भी हार का सामना करना पड़ा।