12 ओलंपिक मेडल विजेता अमेरिकी स्विमर रयान लोचटे पर यूएस एंटी डोपिंग एजेंसी ने 14 महीने का प्रतिबंध लगा दिया है। लोचटे को नशे के इंजेक्शन लेने के चलते यूएस एजेंसी ने प्रतिबंधित किया है। अमेरिकी तैराक ने अपने ऊपर लगे इस बैन को स्वीकार कर लिया है।
गौरतलब है कि 33 वर्षीय लोचटे ने ओलंपिक में कुल 12 मेडल जीते हैं, जिनमें से छह गोल्ड हैं। ऐसे में लोचटे पर बैन लगने से फैंस काफी निराश हैं। बता दें कि इसी साल मई में लोचटे ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें वह इंट्रावेनस इनफ्यूशन का इंजेक्शन लेते नजर आ रहे थे।
यह तस्वीर सामने आने के बाद यूएस एंजेंसी ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए तफ्तीश शुरू की और अब करीब दो महीने गुजर जाने के बाद तैराक पर 14 महीने का बैन लगा दिया है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान लोचटे ने कहा था कि उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया है, जिससे एंटी डोपिंग एजेंसी के नियमों का उल्लंघन हुआ है।