पहलवान सुशील कुमार या नरसिंह यादव, दोनों में से किसे रियो जाने का चांस मिलेगा। इस पर आज भी कोई निर्णय नहीं आ सका। दिल्ली हाईकोर्ट ने आज की सुनवाई के बाद इस मामले को अगली सुनवाई के लिए टाल दिया है। कोर्ट अगली सुनवाई 30 मई यानी सोमवार को करेगा।
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील ने रियो ओलंपिक में भाग लेने के लिए 74 किलो वर्ग में सीट सुरक्षित करने के लिए ट्रायल की मांग करते हुए कोर्ट में केस कर रखा है।
पिछली सुनवाई में कुश्ती महासंघ ने हाईकोर्ट को बताया था कि याचिकाकर्ता सुशील 66 किलोग्राम के फ्रीस्टाइल वर्ग में हिस्सा लेता रहे हैं और अब अंतिम समय में वह 74 किग्रा वर्ग में हिस्सा लेने चाहते हैं। महासंघ ने कहा कि नरसिंह यादव 74 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लेते रहे हैं और उन्होंने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी जीता है जो ओलंपिक से भी अधिक कड़ी प्रतियोगिता है।
महासंघ के वकील हाईकोर्ट को बताया कि सुशील कुमार पहलवान नरसिंह यादव के साथ कुश्ती लड़ने से बच रहे हैं और उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में भी हिस्सा नहीं लिया जबकि नरसिंह ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
इस पर सुशील ने हाईकोर्ट को बताया कि चोटिल होने के कारण विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं लिया था। सुशील कुमार की ओर से बार-बार जून में चयन के लिए ट्रायल कराए जाने की मांग पर हाईकोर्ट ने कहा कि इससे भारतीय संभावनाओं को नुकसान पहुंचेगा।