प्रो कबड्डी लीग में शनिवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में यू मुंबा ने हरियाणा स्टीलर्स को बड़े अंतर से मात दी। अभिषेक सिंह के 14 और रोहित बालियान तथा सिद्धार्थ देसाई के आठ-आठ अंकों के दम पर मुंबई की जीत का फासला 53-26 का रहा।
मुम्बा की जोन-ए में तीन मैचों में यह दूसरी जीत है। उसे एक मैच में टाई खेलना पड़ा था। वहीं हरियाणा की तीन मैचों में यह दूसरी हार है। मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स में खेले गए लीग छठे सीजन के 14वें मैच में मुम्बा ने पहले हाफ की समाप्ति तक 27-15 की शानदार बढ़त कायम कर ली।
मुम्बा ने दूसरे हाफ में भी लगातार अंक लेना जारी रखा और 53-26 से मैच जीतकर हरियाणा के घरेलू दर्शकों को निराश कर दिया। मुम्बा के लिए अभिषेक, रोहित और सिद्धार्थ के अलावा फजल अत्राचली ने सात अंक हासिल किए।
विजेता टीम ने रेड से 29, टैकल से 15, ऑलआउट से आठ और एक अतिरिक्त प्राप्त किए। वहीं मेजबान हरियाणा के लिए विकास कंडोला ने नौ और मोनू गोयत तथा नवीन ने तीन-तीन अंक जुटाए। हरियाणा ने रेड से 19, टैकल से पांच और दो अतिरिक्त अंक लिए।