पटना पाइरेट्स बनाम यूपी योद्धा
- फोटो : Prokabaddi
यूपी योद्धा और पटना पाइरेट्स ने प्रो कबड्डी लीग का मैच आज यहां 27-27 से रोमांचक ड्रा खेला। पांचवें सत्र में रेड से 50वां अंक बनाने वाले प्रदीप नरवाल ने पटना को अंतिम पांच मिनट में वापसी दिलायी। उन्होंने नौ अंक बनाये जबकि यूपी योद्धा की तरफ से नितिन तोमर ने सात अंक बनाये।
यूपी योद्धा पहले हाफ के बाद 13-10 से आगे था। लेकिन मैच के अंत तकआते-आते रोमांचक हो गया और आखिर में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।
दोनों टीमें रेड में लगभग बराबरी पर रहीं। पटना ने रेड में 18 और यूपी ने 16 अंक हासिल किए। लेकिन टैकल में यूपी ने 9 तो पटना ने 6 अंक हासिल किए। दोनों टीमें एक दूसरे को एक बार भी ऑलआउट नहीं कर सकीं। पटना को 3 और यूपी को 2 अतिरिक्त अंक सहित कुल 27-27 अंक हासिल हुए।
पहले हाफ के शुरुआती 15 मिनट मुकाबला बराबरी का रहा। यूपी ने 9-8 की मामूली बढ़त बना रखी थी। लेकिन इसके बाद पहले हाफ के आखिरी पांच मिनट में यूपी ने 13-10 के साथ 3 अंक की बढ़त हासिल कर ली। लेकिन दूसरे हाफ में 17 मिनट तक यूपी ने 27-26 के स्कोर के साथ 1 अंक की बढ़त कायम रखी। मैच के आखिरी तीन मिनट में पटना ने पूरा जोर लगाकर 27-27 से बराबरी कर मैच ड्रा कराने में सफलता हासिल की।