भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने रविवार को यहां आईओसी एथलीट करियर कार्यक्रम (एसीपी) कार्यशाला के पहले चरण का आयोजन किया जिसमें 16 से 22 वर्ष की उम्र के करीब 32 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
भारत में इस कार्यशाला का आयोजन पहली बार किया गया है जिसे अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी), आईओसी एथलीट आयोग और एडेको ग्रुप के सहयोग से आयोजित किया गया।
आईओए महासचिव राजीव मेहता ने कहा, ‘प्रतिस्पर्धी खेल अब और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो गये हैं और समय के साथ खिलाड़ियों के समर्थन की आवश्यकताओं को भी बदलना चाहिए। एसीपी ऐसा कार्यक्रम है जिससे खिलाड़ी को खेलों और करियर दोनों में सफलता दिलाने में मदद मिलेगी।’
उन्होंने कहा, ‘आईओए पूरे भारत में अलग अलग शहरों में एसीपी कार्यशाला आयोजित करेगा और आगामी वर्षों में इस तरह की कई और पहल शुरू करेगा।‘
आईओसी के एसीपी प्रशिक्षकों और पूर्व ओलंपियन अंजलि भागवत और जोविना चू ने कार्यशाला का आयोजन किया। इसके अंत में एशियाई टेनिस महासंघ के अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ के उपाध्यक्ष अनिल खन्ना ने युवा खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किये और आईओए के प्रयासों की प्रशंसा की।