जयपुर पिंक पैंथर्स ने मंगलवार को प्रो कबड्डी लीग 2018 के 50वें मुकाबले में हरियाणा स्टीलर्स पर शानदार जीत दर्ज की। ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जोन ए के तहत खेले गए इस मुकाबले में पिंक पैंथ्रस ने हरियाणा को 38-32 से हराया।
इस मुकाबले में पिंक पैंथर्स की तरफ से दीपक हूडा ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 22 रेड में 12 प्वाइंट्स हासिल किए, जबकि मोहित छिल्लर 5 टैकल में 4 अंकों के साथ टॉप डिफेंडर रहे। वहीं, हरियाणा स्टीलर्स की तरफ से विकास कंडोला ने 17 रेड में 9 प्वाइंट्स हासिल किए, जबकि डिफेंडर मयूर शिवतारकर ने 3 टैकल में 2 प्वाइंट्स हासिल किए।
बता दें कि इस मुकाबले में हरियाणा दो, जबकि पिंक पैंथर्स की टीम एक बार ऑलआउट हुई। पिंक पैंथर्स को 21 रेड प्वाइंट्स, 12 टैकल प्वाइंट्स, 4 ऑलआउट प्वाइंट्स और 1 एक्सट्रा प्वाइंट्स मिले। वहीं, हरियाणा स्टीलर्स को 22 रेड प्वाइंट्स, 7 टैकल प्वाइंट्स, 2 ऑलआउट प्वाइंट्स और 1एक्स्ट्रा प्वाइंट्स मिले।