प्रो-कबड्डी लीग सीजन-5 के फाइनल में पटना पाइरेट्स ने गुजरात फॉर्च्यून जायंट्स को मात देकर लगातार तीसरी बार खिताब पर कब्जा कर लिया। चेन्नई के जवाहर लाल नेहरु इंडोर स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले की शुरुआत में पिछड़ने के बावजूद पटना ने 55-38 के अंतर से अपने नाम कर लिया। इससे पहले पटना ने सीजन-3 और सीजन-4 में खिताब अपने नाम किया था। इस बार पटना की जीत के हीरो संदीप नरवाल रहे।
मैच के 17वें मिनट तक दोनों टीमें 16-16 की बराबरी पर थीं। पहला हाफ के समाप्ति तक पटना 21-18 के साथ महज 3 अंक की बढ़त लिए हुए थी। लेकिन मैच के दूसरे हाफ में तो सबकुछ पलट गया। पटना ने दूसरे हाफ में तेजी से अंक बटोरे और गुजरात को अंक हासिल करने के ज्यादा मौके नहीं दिए। अंतिम दस मिनट में पटना 33-26 से आगे थी। इसके बाद पटना ने आखिरी दस मिनट में जो तेजी पकड़ी और 55-38 के साथ खिताब अपने नाम कर लिया। पटना के लिए मैच के हीरो प्रदीप नरवाल ने 24 रेड में 19 अंक हासिल किए। वहीं गुजरात की ओर से सचिन ने 15 रेड में 11 अंक हासिल बनाए।
पटना ने हर मामले में गुजरात को पछाड़ दिया। रेड में पटना ने 32 तो गुजरात ने 27 प्वाइंट हासिल किए। वहीं टैकल में पटना गुजरात पर ज्यादा भारी पड़ी। पटना ने टैकल में 13 और गुजरात ने 5 अंक हासिल किए। पटना ने गुजरात को 4 बार ऑल आउट कर 8 और गुजरात ने पटना को आल आउट कर 2 अंक हासिल किए। अतिरिक्त अंक के रूप में पटना केवल 2 अंक हासिल कर सकी और गुजरात ने 4 अंक हासिल किए।