प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए टोक्यो ओलंपिक को लेकर समीक्षा बैठक की। इस बात की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने दी। पीएमओ के मुताबिक, बैठक के दौरान उन्हें (प्रधानमंत्री) कोरोना के बीच एथलीटों के लिए प्रशिक्षण सुनिश्चित करने, ओलंपिक कोटा जीतने के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने, एथलीटों के टीकाकरण आदि की दिशा में उठाए गए विभिन्न कदमों से अवगत कराया गया।
पीएमओ ने कहा, बैठक के दौरान अधिकारियों ने टीकाकरण की स्थिति और सपोर्ट स्टाफ के बारे में बताया। वहीं, पीएम मोदी ने निर्देश दिया कि टोक्यो ओलंपिक की यात्रा करने वाले सभी एथलीट, सहयोगी स्टाफ और अधिकारियों को जल्द से जल्द टीका लगाया जाना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि वह जुलाई में एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हमारे ओलंपिक दल से जुड़ेंगे, उन्हें प्रोत्साहित करने और सभी भारतीयों की ओर से उन्हें शुभकामनाएं देंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि बैठक में प्रधानमंत्री को बताया गया कि 11 खेल विधाओं में कुल 100 एथलीटों ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है और लगभग 25 और एथलीटों के क्वालीफाई करने की संभावना है। 26 पैरा एथलीटों ने क्वालीफाई किया है और 16 और एथलीटों के टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की संभावना है। बता दें कि कोविड-19 महामारी के कारण 2020 में स्थगित होने के बाद टोक्यो ओलंपिक का आयोजन इस साल 23 जुलाई से 8 अगस्त तक होना है।
जर्सी लॉन्च पर मोदी ने की खिलाड़ियों से बात
खेल मंत्री किरण रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने गुरुवार को वीडियो कॉल की मदद से खिलाड़ियों से उनकी तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने देश से अपील की कि वह खिलाड़ियों को उत्साह को बढ़ाएं। खेल मंत्रालय ने गुरुवार को ओलिंपिक जर्सी लॉन्च की। इसी मौके पर उन्होंने कहा कि वह खिलाड़ियों के लिए हर संभव कोशिश करेंगे।