भारत की ओर से आज सबसे पहले रोशिबिना देवी चुनौती के लिए उतरी लेकिन उन्हें महिला सेंडा 60 किग्रा सेमीफाइनल में चीन की काइ यिंगयिंग के खिलाफ 0-1 से हार झेलनी पड़ी। विश्व चैंपियनिशप 2013 के कांस्य पदक विजेता संतोष कुमार भी इसके बाद पुरुष सेंडा 56 किग्रा वर्ग में वियतनाम के ट्रोंग गियांग बुई के खिलाफ 0-2 से हार गए।
भानु प्रताप सिंह की 60 किग्रा और ग्रेवाल की 65 किग्रा वर्ग में हार के साथ भारतीय खिलाड़ियों का फाइनल में जगह बनाने का सपना टूट गया। भानु प्रताप को इरफान अहानगारियन के खिलाफ 0-2 जबकि ग्रेवाल को उज्बेकिस्तान के अकमल रखिमोव के खिलाफ इसी अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय टीम के कोच रवि प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि एशियाई खेलों से पहले चीन में ट्रेनिंग से खिलाड़ियों को प्रदर्शन में सुधार में मदद मिली। उन्होंने कहा, ‘हम सीधे चीन से यहां आए थे। हमने वहां एक महीने ट्रेनिंग की। उनके पास शीर्ष स्तर के कोच है जिन्होंने हमारे खिलाड़ियों की मदद की।’
एनआईएस पटियाला से जुड़े त्रिपाठी ने कहा, ‘इन ट्रेनिंग दौरों का खर्च उठाकर और हमारे खिलाड़ियों को टाप्स में शामिल करके सरकार और साइ ने हमारे खिलाड़ियों की मदद की।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियाई खेलों में भारतीय वुशु खिलाड़ियों के प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सूर्य भानुप्रताप सिंह का कांस्य पदक हर भारतीय के लिये गर्व की बात है ।
सिलसिलेवार ट्वीट में उन्होंने नरेंदर ग्रेवाल के प्रदर्शन की तारीफ की । उन्होंने लिखा, ‘उन्हें वुशु 65 किलो सेंडा स्पर्धा में कांस्य पदक जीता । मुझे यकीन है कि आने वाले समय में वह भारत को और गौरवान्वित करेंगे।’
उन्होंने संतोष कुमार और एन रोशिबिना देवी की भी तारीफ की जिन्हें कांसे का तमगा मिला। उन्होंने निशानेबाजों की तारीफ करते हुए कहा ,‘‘भारत 25 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीतने वाली राही सरनोबत को बधाई देता है।’