प्रो कबड्डी 2018 के 42वें सांस थाम देने वाले मुकाबले में बेंगलुरु बुल्स ने रोमांचक जीत दर्ज की। बुधवार को पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जोन बी के तहत खेले गए इस मुकाबले में बंगलुरु बुल्स ने गत चैंपियन पटना पायरेट्स को 43-41 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही बेंगलुरु बुल्स जोन बी में 21 अकों के साथ शीर्ष पर है। वहीं, गत चैंपियन पटना पायरेट्स 18 अंकों के साथ पांचवं पायदान पर मौजूद है।
इस मुकाबले में बेंगलुरू बुल्स की तरफ से रेडर पवन कुमार सेहरावत ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 14 रेड में 14 प्वाइंट्स हासिल किए, जबकि काशिली अडाके 4 टैकल में 4 अंकों के साथ टॉप डिफेंडर रहे। वहीं, गत चैंपियन पटना पायरेट्स की तरफ से मनजीत ने उम्दा प्रदर्शन किया। उन्होंने 15 रेड में 10 प्वाइंट्स हासिल किए, जबकि डिफेंडर कुलदीप सिंह ने 7 टैकल में 4 प्वाइंट्स हासिल किए।
बता दें कि इस मुकाबले में बेंगलुरु बुल्स को 29 रेड प्वाइंट्स, 10 टैकल प्वाइंट्स, 2 ऑलआउट प्वाइंट्स और 2 एक्सट्रा प्वाइंट्स मिले। वहीं, पटना चैंपियन को 22 रेड प्वाइंट्स, 13 टैकल प्वाइंट्स, 4 ऑलआउट प्वाइंट्स और 2 एक्स्ट्रा प्वाइंट्स मिले।