फिल्म अभिनेता सलमान खान को रियो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व बनाए जाने का मामला निंरतर तूल पकड़ता जा रहा है। पहले ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने ट्वीट कर इस सबंध में नाराजगी जाहिर की थी अब भारत के पूर्व धावक मिल्खा सिंह योगेश्वर के समर्थन में कूद गए हैं।
वहीं, दूसरी ओर खेल जगत के अन्य दिग्गज भी इस बहस में पीछे नहीं हैं। एक धड़ा सलमान खान के समर्थन में भी खड़ा हो चुका है। उन्होंने सलमान को गुडविल एंबेस्डर बनाए जाने का समर्थन किया है।
गोल्ड मेडलिस्ट मिल्खा ने कहा, "मुझे समझ नहीं आता कि क्या सोचकर सलमान को रियो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधत्व बनाया गया। यह गलत है।"
फ्लाइंग सिख यहीं नहीं रुके उन्होंने एक सवाल भी किया, "क्या फिल्म जगत में किसी खिलाड़ी को एंबेस्डर की जगह मिलती हैं, नहीं तो खेल में खिलाड़ियों को दरकिनार करते हुए फिल्म सितारे को क्यों लिया गया है?"
गौरतलब है कि, इससे पहले सलमान खान को गुडविल एंबेस्डर चुने के बाद पहलवान योगेश्वर दत्त ने सवाल उठाए थे, जिसके बाद सोशल मीडिया वेबसाइट ट्विटर पर बहस छिड़ गई। बहुत से लोगों ने योगेश्वर की राय का समर्थन किया तो कुछ ने उनकी मंशा पर ही सवाल उठाए।