विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत को चार साल बाद स्वर्ण पदक दिलाने वाली निकहत जरीन ने अपनी आदर्श मैरीकॉम के साथ तस्वीर शेयर की है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा है कि कोई जीत आपके आदर्श के आशीर्वाद के बिना पूरी नहीं है। उनकी यह फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। निकहत जरीन और मैरीकॉम के रिश्ते काफी तल्ख रहे थे, लेकिन अब दोनों के बीच अनबन खत्म हो चुकी है। यह फोटो भी इसी बात की पुष्टि करती है। इससे पहले मैरीकॉम ने विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप जीतने पर निकहत को बधाई दी थी और निकहत ने उनको धन्यवाद भी कहा था।
25 साल की निकहत जरीन विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पांचवीं भारतीय खिलाड़ी हैं। वहीं, मैरीकॉम ने इस प्रतियोगिता में छह पदक जीते हैं। ये दोनों खिलाड़ी साल 2020 में टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय दल में जगह बनाने के लिए आपस में भिड़ गई थीं। यहीं से दोनों के रिश्ते खराब हुए थे, लेकिन अब सक कुछ ठीक हो चुका है।