भारत के स्टार भालाफेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने सीजन की शुरुआत में डायमंड लीग सीरीज में 87.43 मीटर थ्रो के साथ अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार कर दिया है। हाल ही में गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने 86.47 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता।
इस बार उनके सामने जर्मनी के ओलंपिक चैंपियन थामस रोहलर, विश्व चैंपियन जोहानस वेटर और आंद्रियस हाफमैन जैसे प्रतिद्वंद्वी जो सब 90 मीटर क्लब में शामिल हैं। रोहलर ने 91.78 मीटर के दूसरे प्रयास में स्वर्ण पदक जीता। वेटर (91.56) दूसरे और होफमैन (90.08) तीसरे स्थान पर रहे।
चौथे स्थान पर रहे हरियाणा के इस 22 वर्षीय जेवलिन थ्रोअर ने दूसरे प्रयास में 87.43 मीटर फेंककर अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड 86.48 मीटर को बेहतर किया। नीरज ने पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड पोलैंड में 2016 विश्व जूनियर चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के दौरान किया था। यह प्रदर्शन जूनियर स्तर पर विश्व रिकॉर्ड था।
विश्व चैंपियनशिप के रजत विजेता को पछाड़ा
नीरज ने इस दौरान पिछले साल हुई लंदन विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता चेक गणराज्य के जैकब वदलेचक (86.67) को पछाड़ दिया। राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद नीरज ने कहा था कि वह 90 मीटर क्लब में शामिल होना चाहते हैं।
यहां तक विश्व चैंपियन जोहानस वेटर भी मानते हैं कि नीरज ऐसा कर सकते हैं। उनका तो यह तक कहना है कि नीरजइसी साल 88 से 90 मीटर फेंक सकते हैं। इस प्रदर्शन से नीरज ने दिखाया है कि वह और बेहतरी की ओर हैं।
26 मई को अब अमेरिका के इगुने में डायमंड लीग में हिस्सा लेंगे नीरज और तब भी उनके सामने दुनिया के शीर्ष प्रतिद्वंद्वी होंगे।