हरियाणा की निश्चल ने राष्ट्रीय राइफल एवं पिस्टल निशानेबाजी ट्रायल्स के अंतिम दिन महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पाजीशन (3 पी) टी2 में बाजी मारी। भारतीय नेवी की निशानेबाज अनुराधा और योगेश सिंह ने क्रमश: महिला 10 मीटर एयर पिस्टल और पुरुष 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल टी2 स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल किया।
निश्चल (459.6) अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज एन गायत्री, लज्जा गोस्वामी और टोक्यो का कोटा हासिल कर चुकी अंजुम मौदगिल को पछाड़कर विजेता बनी। तमिलनाडु की गायत्री (453.2) दूसरे, गुजरात की लज्जा (443) तीसरे और पंजाब की मौदगिल (432.5) चौथे स्थान पर रहीं। अनुराधा (243) युवा ओलंपिक खेलों की चैंपियन मनु भाकर (241.1) हराकर चैंपियन बनी।
हरियाणा की यशस्विनी सिंह देसवाल (220.4) तीसरे स्थान पर रही। योगेश (585) पहले, रजत कुमार यादव (584) दूसरे और हरियाणा के गौरव (580) तीसरे स्थान पर रहे। मनु हालांकि जूनियर महिला 10 मीटर एयर पिस्टल टी2 स्पर्धा के फाइनल में 243.5 अंक से पहले स्थान पर रहीं। हरियाणा की रिदम सांगवान 240.1 अंक से दूसरे स्थान पर रहीं।