साइक्लिंग और बॉक्सिंग के नेशनल कैंप को एनआईएस पटियाला में मंजूरी नहीं मिली है। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) और साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीएफआई) ने दस जून से एनआईएस में खिलाड़ियों की तैयारियों की अनुमति मांगी थी। सीएफआई को राज्य सरकार से अनुमति नहीं देने की बात कहकर टाल दिया। उसने लंबी दूरी के 16 पुरुष और महिला रायडरों की तैयारियों के लिए मंजूरी मांगी थी।
वहीं बीएफआई ने 35 पुरुष और महिला बॉक्सरों के कैंप की अनुमति मांगी थी। दोनों खेल संघों ने शुक्रवार को एक बार फिर पटियाला में कैंप लगाने को लेकर साई से गुहार लगाई है। साई ने अब तक किसी भी नेशनल कैंप को मंजूरी नहीं दी है। सिर्फ उन्हीं खेलों की तैयारियां शुरू कराई गई हैं जो पहले से ही एनआईएस में थे।
किसी राज्य सरकार ने नहीं दी है मंजूरी
स्टेडियम खोलने को लेकर गृह मंत्रालय के निर्देश भले आ गए हों लेकिन ज्यादातर राज्य सरकारों ने इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की है। यही कारण है कि अभ्यास को लेकर अब तक किसी भी खेल संघ को मंजूरी नहीं मिली है। फेडरेशन के महासचिव ओंकार सिंह का कहना है कि पटियाला में इनकार के बाद उन्हें मणिपुर में मंजूरी की उम्मीद है।